मॉनसून जाने में लगेगी देरी,, होगी बारिश,

साइक्लोन गुलाब (Cyclone Gulab) के प्रभाव के कारण पूरे मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि साइक्लोन के टकराने की प्रक्रिया रविवार शाम से शुरू हो गई है और यह करीब 3 घंटे तक जारी रह सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने इस साइक्लोन के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है.

इसके असर से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में अगले कुछ दिन तक बारिश होगी. वहीं पश्चिम बंगाल और झारखंड के इलाकों में भी इसका प्रभाव देखने को मिलेगा.

IMD ने बताया कि साइक्लोन गुलाब के टकराने की प्रक्रिया ने आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और ओडिशा के गोपालपुर के बीच के भूभाग को प्रभावित किया है. मौसम विभाग के एक बयान के मुताबिक, नवीनतम मौसम संबंधी टिप्पणियों के अनुसार, बादल तटीय क्षेत्रों पर छा गए हैं और इस तरह उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और इससे सटे दक्षिण तटीय ओडिशा में चक्रवात की प्रक्रिया शुरू हो गई है. एक अधिकारी ने कहा कि तट से टकराने के दौरान चक्रवात की हवा की गति लगभग 90 किमी प्रति घंटे है.

सोमवार से इन राज्यों में होगी बारिश

स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साइक्लोन गुलाब के तट से टकराने के बाद उत्तरी तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिणपूर्व मध्य प्रदेश में भी बारिश शुरू होगी और 27 को तेज हो सकती है. 27 सितंबर की सुबह यह दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर एक गहरे दबाव में बदल सकता है.

27 से 28 सितंबर के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना के कुछ हिस्सों, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के साथ-साथ गुजरात और दक्षिणपूर्व राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. 27 सितंबर की शाम आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बारिश कम हो सकती है.

30 सितंबर के बाद भी जारी रहेगी बारिश

वहीं आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, उज्जैन एवं इंदौर संभागों के अनेक स्थानों और शहडोल, रीवा एवं चंबल संभागों के कुछ स्थानों पर वर्षा हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published.